बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी जब्त की है। जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध विवेचना में लगी थी, इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र, बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद दो सूटकेस और बैग से 10, 20 और 50 रुपए के नोटों के कुल 81 बंडल मिले, जिनकी कुल कीमत 17 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई।
पुलिस ने उक्त रकम को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से नकदी के स्रोत और इसके संभावित आपराधिक संबंधों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
