धमतरी। जिले में अवैध पेट्रोलियम भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पेट्रोल पंप पर छापा मारकर भारी मात्रा में डीजल जब्त किया है। कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण के दौरान करीब 3100 लीटर डीजल अवैध रूप से रखा हुआ पाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद थाना प्रभारी को शिकायत मिलने के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम कार्रवाई की। टीम ने पेट्रोल पंप परिसर के पीछे बने स्टोर रूम और आसपास के हिस्सों की जांच की, जहां संदिग्ध हालात में डीजल का भंडारण किया गया था। जांच के दौरान 4 ड्रम पूरी तरह भरे, 2 आधे भरे, 32 खाली ड्रम और 2 मिनी टैंकर में करीब 2100 लीटर डीजल मिला।
इस तरह कुल मिलाकर लगभग 3100 लीटर डीजल का अवैध भंडारण सामने आया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को सौंप दी गई है।
