रायपुर. भीषण गर्मी से जूझ रहे छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को बड़ी राहत दी है. शनिवार देर रात तेज हवाओं और बारिश के साथ बदले मौसम ने राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान गिरा दिया. रविवार सुबह भी रायपुर, धमतरी, दुर्ग और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और बालोद सहित कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में देखने को मिलेगा, जहां बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहेंगी. मौसम में आए इस बदलाव के पीछे कई बड़े कारण हैं. पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, बिहार से पूर्वोत्तर तक बनी दबाव की रेखा और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना चक्रवाती घेरा, जो दक्षिण भारत के तमिलनाडु से नमी खींच रहा है. इन सभी वजहों से प्रदेश में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर शुरू हो गया है.
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 7 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसका असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ सकता है. फिलहाल के हालात को देखते हुए प्रदेश में भीषण गर्मी की जल्द वापसी की संभावना कम नजर आ रही है. हालांकि यह बदलाव अस्थायी माना जा रहा है, लेकिन इससे तापमान में गिरावट और गर्मी की तीव्रता में कमी जरूर देखने को मिलेगी.
