बलरामपुर. जिले के रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद अरुण नागवंशी का गुरुवार सुबह निधन हो गया. उनके अचानक चले जाने की खबर से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई और हर ओर गमगीन माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि 22 मार्च को झारखंड से लौटते समय उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही थी. लेकिन बुधवार रात अचानक उनके सिर में तेज दर्द उठा और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी.
परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बलरामपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. इस आकस्मिक घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है.
उनके निधन पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
