अम्बिकापुर के विष्णु सिंहदेव युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बनाए गए.. संगठन में इन पदों पर निभा चुके हैं जिम्मेदारी

अम्बिकापुर। लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में युवा कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय योगदान को ध्यान रख छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव विष्णु सिंहदेव को पदोन्नत कर राज्य महासचिव बनाया गया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास के द्वारा इस बाबत् 28 मई को आदेश जारी किया गया है।

वर्ष 2012 में युवा इंटक से अपने राजनैतिक जीवन को प्रारंभ करने वाले विष्णु सिंहदेव 2019 में प्रदेश युवा कांग्रेस में प्रदेश प्रवक्ता बने। इसके पूर्व 2014 से 2019 तक वो भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदों पर रहे। युवा कांग्रेस में प्रदेश सचिव के साथ ही युवा कांग्रेस के रिसर्च विभाग में राष्ट्रीय संयोजक के पद पर रहे। जिला एवं प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस, युवा कांग्रेस नेताओं ने उन्हें इस नियुक्ति की बधाई दी है।

बता दें कि विष्णु सिंहदेव, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी और पारिवारिक सदस्य है। विष्णु लंबे समय से सक्रिय राजनीति में है। युवाओं में अच्छी पकड़ है। इन्होंने छात्र राजनीति से राजनीति की शुरुआत की है।

Random Image