जशपुर. छत्तीसगढ़ के जिले में 5 फरवरी 2026 को आयोजित एक हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह उस समय चर्चा और अफरा-तफरी का कारण बन गया, जब प्रीतिभोज का खाना खाने के बाद बड़ी संख्या में मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी. यह मामला भाजपा नेता और बलरामपुर भाजपा प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा की बेटी की शादी से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, समारोह में शामिल लगभग 90 प्रतिशत मेहमान फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खाना खाने के कुछ घंटों बाद ही लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें शुरू हो गईं. स्थिति यह रही कि जशपुर शहर के निजी और सरकारी अस्पतालों में मरीज पहुंचने लगे. इस विवाह समारोह में जिले के कई बड़े अधिकारी और राजनीतिक नेता भी शामिल थे. सूत्रों के अनुसार, फूड पॉइजनिंग की चपेट में कई वीआईपी भी आए हैं और कुछ लोग उपचार करा रहे हैं.
इस मामले में जब जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से संपर्क किया गया तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया. हालांकि, शहर में चर्चा है कि CMHO स्वयं भी इस फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए हैं, जिससे उनका बयान और भी सवालों के घेरे में आ गया है.
इतने बड़े आयोजन में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. वहीं, कैटरिंग व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है. घटना के बाद भी प्रशासन की ओर से किसी बड़ी जांच या कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
