कवर्धा. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर एक बड़ा और अहम दावा सामने आया है. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि खूंखार नक्सली पापाराव के आत्मसमर्पण के बाद राज्य में सशस्त्र नक्सलवाद लगभग समाप्त हो जाएगा. उन्होंने दावा किया कि अब छत्तीसगढ़ में एक भी सक्रिय नक्सली नहीं बचा है.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पापाराव बीते करीब ढाई दशक से जंगलों में सक्रिय था और कई मुठभेड़ों में शामिल रहा, लेकिन हर बार बच निकलता था. उस पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था. उन्होंने कहा कि उनकी पापाराव से बातचीत हुई है और अब उसका मनोभाव पूरी तरह बदल चुका है, जिसके चलते उसने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है. सरकार द्वारा उसका पुनर्वास भी किया जा रहा है.
विजय शर्मा ने आगे कहा कि डीकेएसजेडसी, डिवीजन कमेटी स्तर पर अब कोई सक्रिय नक्सली नहीं बचा है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि एरिया कमेटी स्तर पर करीब 40 से 45 नक्सलियों के बचे होने की संभावना है, लेकिन उनके अनुसार इन नक्सलियों ने भी हथियार और वर्दी छोड़ दी है. उन्होंने कहा कि सरकार ने पुनर्वास के लिए 7 दिन का समय दिया है और उम्मीद जताई कि बाकी लोग भी जल्द आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल होंगे.
