रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेमरिया गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया. यहां एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और 22 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी. घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गुलाब साहू ने पहले अपनी पत्नी लता साहू पर हमला किया और फिर बेटी चित्रा साहू को भी मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार नहीं हुआ, बल्कि सीधे विधानसभा थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे पुलिस भी कुछ देर के लिए हैरान रह गई.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे घरेलू विवाद और अविश्वास को वजह बताया है. उसका आरोप है कि उसकी पत्नी का घर के किराएदार के साथ संबंध था और उसे पैसे व गाड़ी का लालच देकर भड़काया गया था. आरोपी का कहना है कि पत्नी और बेटी उसे घर से निकालने की बात करती थीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी तनाव में उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुलाब साहू पहले पुलिस विभाग में पदस्थ था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था. हिरासत में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है.
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब आरोपी की पहली पत्नी के बेटे से बातचीत की गई. उसने बताया कि गुलाब साहू का स्वभाव पहले से ही आक्रामक था और वह छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था. उसने यह भी बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने उसे फोन कर कहा, “थाने से गाड़ी ले जाना, मैंने दोनों की हत्या कर दी है.”
बताया जा रहा है कि लता साहू ने करीब चार साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी, जबकि चित्रा उसकी पहली पत्नी से जन्मी बेटी थी. घटना की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
