अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक की जिद ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया, जब वह पसंद की लड़की से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 40 फीट ऊंचे टावर पर बैठा युवक चार घंटे तक नीचे कूदने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र में थाने से महज 200 मीटर दूर की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लुंड्रा के छीरोपारा निवासी 27 वर्षीय युवक अपनी कथित प्रेमिका से शादी कराने की जिद पर अड़ा हुआ था। युवक बार-बार चेतावनी दे रहा था कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूद जाएगा। मौके पर पहुंचे परिजन और पुलिसकर्मी उसे समझाने में जुटे रहे, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। आखिरकार करीब चार घंटे बाद परिजनों के आश्वासन के बाद वह नीचे उतर आया।
इधर, जिस युवती के नाम पर यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उसने युवक के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध से इनकार करते हुए उसके खिलाफ छेड़छाड़ और बेवजह परेशान करने की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने युवक के नीचे उतरते ही उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
घटना के दौरान टावर के आसपास लोगों की भारी भीड़ लगी रही और पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
