रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर मंडल अंतर्गत हथबंद-भाटापारा रेलवे सेक्शन में तकनीकी कार्यों के चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा. रेलवे प्रशासन द्वारा गर्डर डीलॉन्चिंग कार्य के लिए 21 मार्च की रात 11 बजे से 22 मार्च की रात 3 बजे तक चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार इस ब्लॉक के दौरान कुल 8 मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. प्रभावित ट्रेनों में रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी के बीच चलने वाली मेमू सेवाएं शामिल हैं. इसके अलावा इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर ट्रेनें 23 मार्च को भी रद्द रहेंगी.
यात्रियों की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती. 22 मार्च को गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर से ही रवाना होगी, जबकि झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया जाएगा.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
