बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में चल रहे अधोसंरचना कार्य का सीधा असर अब रेल यात्रियों पर पड़ने लगा है. हथबंद-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण के अंतिम चरण के चलते 22 और 23 मार्च को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा.
रेलवे प्रशासन के मुताबिक लेवल क्रॉसिंग संख्या 389 पर गर्डर डि-लॉन्चिंग के लिए ट्रैफिक-कम-पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण ट्रेनों के परिचालन में यह बदलाव करना पड़ा है. 22 मार्च को रायपुर-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड–बिलासपुर, बिलासपुर–रायपुर मेमू सहित कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी. वहीं 23 मार्च को इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर मेमू ट्रेनें भी रद्द की गई हैं.
इसके अलावा कुछ ट्रेनों का संचालन सीमित कर दिया गया है. झारसुगुड़ा से चलने वाली मेमू ट्रेन बिलासपुर में ही समाप्त होगी, जबकि गोंदिया से आने वाली मेमू ट्रेन बिलासपुर से ही शुरू होगी. इस वजह से बिलासपुर और गोंदिया के बीच इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य भविष्य में सुरक्षित और सुगम रेल यातायात सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके.
