कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में नाथिया नवागांव के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर के उड़कुडा निवासी एक परिवार चीवरांज में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार 3 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं दूसरी कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और मामले की जांच की जा रही है। घायलों के स्वस्थ होने के बाद उनसे भी पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा। वहीं शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
