जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 14 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुई। तेज रफ्तार और सड़क पर संतुलन बिगड़ने के कारण बस पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि कई यात्री बस के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर तीन एम्बुलेंस रवाना की गईं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी रही।
इस हादसे में जिन यात्रियों की मौत हुई है, उनमें महेश राम (45) पिता रथु राम निवासी मकरिबंधा तपकरा, बिमला (42) पत्नी महेश निवासी मकरी बंधा, संपति देवी (52) पत्नी केशवर निवासी सिमडेगा, दिग्गेश्वर (40) पिता दिलभजन निवासी डोडी कुरडेग तथा घनश्याम (5 माह) पिता दिग्गेश्वर निवासी डोडी कुरडेग शामिल हैं।
