सीतापुर/अनिल उपाध्याय। नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, स्वामी आत्मानंद स्कूल के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के छात्र अनिकेश तिवारी निवासी झेराडीह एवं मिशाक एक्का निवासी बेलकोटा बोर्ड परीक्षा देने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कुनकुरी, बतौली परीक्षा केंद्र जा रहे थे। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की जल्दी में बाइक तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी गिट्टी से टकराई और सामने बने प्रतीक्षालय से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे मिशाक एक्का के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे रखी गिट्टी और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह बनी। यदि छात्र ने हेलमेट पहना होता और वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखी होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। बेटे की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं। बड़े अरमानों के साथ पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाने का सपना देख रहे माता-पिता ने अपने जवान बेटे को हमेशा के लिए खो दिया।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र में भी शोक का माहौल रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
