अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के बीचों-बीच स्थित देव होटल के अंदर फायरिंग की घटना सामने आई. होटल परिसर में गोली चलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
वहां आसपास मौजूद लोगों के अनुसार होटल के अंदर हवाई फायरिंग की गई, जिसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि मौके पर दो बार गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे होटल में मौजूद लोग और आसपास के दुकानदार सहम गए.
बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद दो गुटों के बीच विवाद का मामला फिर से गर्मा गया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है और इसी पुराने विवाद से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है.
हालांकि फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस स्पष्ट रूप से पुष्टि करने से बचती नजर आई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर पहलू पर जांच की जा रही है. वहीं घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है.
यह पूरा मामला अम्बिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस टीम मौके की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वास्तव में फायरिंग किसने की और इसके पीछे की वजह क्या रही. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी.
