कोरबा. जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक तेजतर्रार चोरी की वारदात ने लोगों को चौंका दिया है. बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात बदमाशों ने बैंक से निकाली गई 2 लाख रुपये की नकदी को बाइक की डिक्की से चंद सेकंड में पार कर दिया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता सुरेश कुमार शर्मा बैंक से रकम निकालकर बाहर आए और उसे अपनी बाइक की डिक्की में रख दिया. इसी दौरान पहले से नजर रखे बैठे दो बदमाशों ने मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कुछ पल के लिए उनका ध्यान भटका, एक युवक ने फुर्ती से डिक्की खोली और नकदी निकाल ली, जबकि दूसरा युवक बाइक स्टार्ट रखकर मौके से फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, ड्यूटी पर निकले आरक्षक की दर्दनाक मौत से सनसनी
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपित हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं.
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपितों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी है. वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद विशेष सतर्कता बरतें, वाहन को असुरक्षित न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: तेज आंधी-बारिश का असर, बायपास पर गिरे बिजली पोल, आवागमन प्रभावित
Chhattisgarh: शिकायत से सदन तक गूंजा मामला… अब गिरी गाज, श्रम निरीक्षक सस्पेंड
