सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक और भयावह घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट चन्दरपुर गांव में हुआ, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, 25 वर्षीय कुंती और उनके 4 वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार ने रात में घर के अंदर पत्थर कोयला जलाया था और उसी कमरे में सो गए। इसी दौरान कमरे में धुआं भरने और ऑक्सीजन की कमी के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस कमरे में कोयला जलाया गया था, उसमें न तो कोई खिड़की थी और न ही रोशनदान, जिससे हवा का आवागमन पूरी तरह बंद था। कमरे में धुआं फैलते ही परिवार को सांस लेने में परेशानी हुई और नींद में ही तीनों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की बात कही जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
