
अम्बिकापुर। भारतीय जनता पार्टी को कार्यकर्ताओं की सशक्त पार्टी बताते हुए नवनियुक्त भाजयुमो सरगुजा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू ने कहा कि युवा मोर्चा पूरी एकजुटता और ऊर्जा के साथ संगठन को नई मजबूती देने के लिए कार्य करेगा। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की जनविरोधी और गलत नीतियों के खिलाफ युवा मोर्चा हर स्तर पर संघर्ष करेगा और जनता के बीच भाजपा की विचारधारा को मजबूती से रखेगा।
निशांत सिंह सोलू ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शक और मजबूत नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उत्साह से भरे हुए हैं। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी के सहयोग से भाजपा को सरगुजा जिले में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवा मोर्चा जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने जिला एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन हित सर्वोपरि रहेगा और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के अनुमोदन के बाद प्रदेश भाजपा द्वारा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई थी, जिसमें निशांत सिंह सोलू को सरगुजा भाजयुमो जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2017 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्राथमिक वर्ग से प्रशिक्षित निशांत सिंह सोलू का संगठनात्मक अनुभव काफी समृद्ध रहा है। वे युवा क्षत्रिय महासभा के सचिव रह चुके हैं, बजरंग सेवा समिति से जुड़े हैं और इससे पूर्व भाजयुमो में नगर मंत्री, नगर उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष जैसे दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं।




