सीतापुर/अनिल उपाध्याय। विकासखंड मैनपाट के रोपाखार में प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शनिवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित महिला संग जनपद सदस्य सूर्यकांत उर्फ सूर्या पैंकरा के नेतृत्व में कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग क्र-43 पर ग्राम काराबेल हाईस्कूल के पास चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।इस दौरान नेशनल हाइवे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक विधवा महिला राम बाई के घर को विशेष रूप से निशाना बनाया।जबकि घर से जुड़ा यह मामला कलेक्टर कार्यालय में विचाराधीन है जिस पर सुनवाई होनी बाकी है।
यह घर मंडल महामंत्री भाजपा मैनपाट गौतम पैकरा की बहन का बताया जा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार बेदखली की कार्यवाही के दौरान मानवीय पहलुओं की अनदेखी करते हुए प्रशासन द्वारा बिना पर्याप्त सुनवाई के बुलडोजर चलाया गया है।जिससे क्षेत्र में असंतोष फैल गया और लोग आक्रोशित हो उठे।बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को रोपाखार में शासकीय जमीन पर काबिज मकानों पर प्रशासन ने कार्रवाई की थी।इसके बाद से ही क्षेत्र में नाराजगी बनी हुई थी,जो शनिवार सुबह चक्काजाम के रूप में सामने आई।महिला के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।आरोप है कि स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा मना करने के बावजूद प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई की,जिससे आहत होकर गौतम पैकरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे,लेकिन इसके बावजूद शनिवार सुबह विरोध प्रदर्शन फिर तेज हो गया।चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम रामसिंह ठाकुर और एसडीओपी पुलिस राजेंद्र मंडावी थाना प्रभारी अखिलेश सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया।प्रशासन इस मसले को बातचीत के जरिये हल करना चाहती थी लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े हुए थे।
चक्काजाम के दौरान जिला पंचायत सदस्य निर्मल तिर्की का सहयोग मिलने से ग्रामीणों का हौसला बढ़ गया था।समझाइश के बाद भी जब आंदोलनकारी ग्रामीणों पर कोई असर नही हुआ।तब प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से चक्काजाम पर बैठे ग्रामीणों को बलपूर्वक नेशनल हाईवे से हटाया और आवागमन बहाल कराया।इस दौरान बिना अनुमति नेशनल हाईवे जाम करने के आरोप में पुलिस ने पीड़ित महिला रामबाई पति स्व बीरबल गोंड 36 वर्ष,जनपद सदस्य सूर्यकांत उर्फ सूर्या पैंकरा 26 वर्ष विनोद पैंकरा 20 वर्ष अभिजीत पैंकरा 22वर्ष प्रकाश कुजूर 23 वर्ष अमन सिंह 19 वर्ष शिवशंकर सिंह 25 वर्ष राजेश यादव 24 वर्ष को गिरफ्तार कर थाने ले आई।जहाँ इन सभी के विरुद्ध धारा 170 126 एवं 135 के तहत अपराध दर्ज करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।बाद में सभी गिरफ्तार लोगों को तहसील कार्यालय से जमानत दे दी गई।
इस संबंध में एसडीएम रामसिंह ठाकुर ने बताया कि महिला के विरुद्ध बेदखली की कार्यवाही प्रक्रिया के तहत की गई है।इस मामले की तहसील कार्यालय मैनपाट में सुनवाई हुई थी जहाँ महिला का पक्ष भी सुना गया था।पूरी सुनवाई होने के बाद कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बेदखली की कार्यवाही की गई है।
