
कोरबा। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में कोरबा जिले में एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज कुमार बंजारे ने गुरुवार 28 नवंबर को धान उपार्जन केंद्र जटगा, तहसील पसान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया, जब किसान शेर सिंह पिता अंगद सिंह द्वारा लाए गए 45 कट्टी धान के संबंध में तौल पर्ची प्रस्तुत नहीं की गई। वैध दस्तावेज़ों के अभाव और धान के स्रोत पर संदेह होने के कारण पूरे 45 कट्टी धान को तुरंत जब्त कर लिया गया।
संदिग्ध धान को धान उपार्जन केंद्र जटगा के प्रबंधक नारायण मरकाम की अभिरक्षा में रखा गया है। साथ ही मामले की विधिवत जांच और आगे की कार्रवाई के लिए मंडी अधिनियम के तहत समूचा प्रकरण मंडी सचिव कटघोरा को भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद उपार्जन केंद्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा जिम्मेदार अधिकारियों को नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और फर्जी धान की आवक रोकने के लिए ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।
इसे भी पढ़ें –




