अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को कीचड़ से भरी डभरी में फेंक दिया. घटना की जानकारी मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान शीतल, निवासी हनुमानगढ़ थाना उदयपुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने किसी बात को लेकर अपने दोस्त शीतल की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को पोतका गांव के पास स्थित कीचड़ से भरी डभरी में फेंक दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को बाहर निकालने के लिए डभरी का पानी खाली कराया गया, जिसके बाद शव को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
