
अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..जनपद पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष समेत सभी जनपद सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद पंचायत परिसर में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार टोप्पो थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष के रूप में भारत सिंह सिसोदिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल सिंह मेजर अखिलेश सोनी एवं त्रिलोक कपूर कुशवाहा मंच पर विराजमान थे।
मंचस्थ सभी अतिथियों का जनपद पंचायत द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एस के मरकाम ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। जिसके बाद नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष स्नेहलता, अनुज एक्का, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत निर्वाचित सभी जनपद सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण के दौरान अध्यक्ष स्नेहलता अनुज एक्का ने प्रेस से चर्चा के दौरान कहा कि वो पूर्व में एक कर्मचारी के रूप में जनपद पंचायत में कार्य कर चुकी है। इस नाते मुझे क्षेत्र के लोगो की समस्या एवं परेशानी के बारे में काफी कुछ पता है। इसके अलावा नगर समेत क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था काफी लचर है। मैं जनपद अध्यक्ष होने के नाते दूर दराज क्षेत्र से अपनी समस्या एवं परेशानी लेकर जनपद पंचायत आने वाले लोगो की समस्या दूर करने की भरसक कोशिश करूंगी।
इसके अलावा एक अभियान चलाकर स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ावा देने का काम करूंगी। वही जनपद उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि आज तक जनपद पंचायत में सालों से परिवारवाद हावी था। जिसकी वजह से लोककल्याण के सारे काम कागजों पर हुआ करते थे। अब हमारी सरकार जनपद पंचायत में आई है जो शासन की सभी योजनाओं का लाभ लोगो तक पहुँचायेगी। इसके अलावा जनपद पंचायत में होने वाले सारे कार्यो में अब पारदर्शिता लाई जायेगी।
इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुशील मिश्र एवं आभार प्रदर्शन एसडीओ, आरईएस अमित मिश्रा ने किया। इस अवसर पर भाजपा कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ता, समर्थक एवं काफी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।