सूरजपुर : जिले के करंजी चौकी क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और बस में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए तत्काल बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना करीब 12:00 बजे की बताई जा रही है। बतरा के समीप केनापारा अंधामोड़ के पास सलका की ओर से सूरजपुर जा रही आनंद बस क्रमांक CG15/AB/1055 और बोलेरो क्रमांक CG29/A/0389 में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गयी। बताया जा रहा है की बोलेरो में 6 लोग सवार थे। जिनमें से 2 लोगों की गंभीर चोंट लगने से मौत हो गई है, वहीं अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बोलेरो सवार मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्ती का प्रयास कर रही है।

एक्सीडेंट के बाद मौके पर इक्कठी भीड़ ने घटना की सूचना स्थानीय करंजी पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को बोलेरो वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए विश्रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ बस और बोलेरो में आमने-सामने इतनी भयानक टक्कर हुई की बोलेरो के परखच्चे उड़ गए हैं। वही बस के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।