सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 15 वर्षीय हाथी की संदिग्ध मौत ने स्थानीय स्तर से निकलकर अब केंद्र सरकार का ध्यान खींच लिया है. खेत में मिले हाथी के शव को लेकर उठे सवालों के बीच पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब कर दी है. इस कार्रवाई के बाद पूरे सरगुजा संभाग में वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है.
मामला करंजवार गांव का है, जहां 13 मार्च की सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में हाथी का शव मिला था. शुरुआती जांच में हाथी की सूंड पर काले निशान पाए गए, जिससे करंट लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वन विभाग ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर करंट से जुड़े ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, ड्यूटी पर निकले आरक्षक की दर्दनाक मौत से सनसनी
इस घटना को लेकर वन्यजीव एक्टिविस्ट अजय दुबे की शिकायत के बाद केंद्र सरकार हरकत में आई है. मंत्रालय के प्रोजेक्ट एलीफेंट डिवीजन ने प्रमुख मुख्य वन संरक्षक को पत्र जारी कर जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. इससे साफ है कि केंद्र इस मामले को गंभीरता से ले रहा है.

दरअसल, सरगुजा संभाग में हाथियों की लगातार हो रही मौतें लंबे समय से चिंता का कारण बनी हुई हैं. पिछले सात वर्षों में यहां 63 हाथियों की मौत दर्ज की गई है, जिनमें से 40 की मौत करंट लगने से हुई है. ये आंकड़े वन्यजीव संरक्षण की जमीनी हकीकत को उजागर करते हैं और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करते हैं.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: तेज आंधी-बारिश का असर, बायपास पर गिरे बिजली पोल, आवागमन प्रभावित
सूरजपुर जिले में इससे पहले भी करंट से हाथियों की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं. वर्ष 2024 में धुरिया गांव के पास एक दंतैल हाथी को करंट लगाकर मारने का मामला सामने आया था, जिसमें तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी. वहीं, वर्ष 2022 में दरहोरा गांव के पास एक मादा हाथी की भी इसी तरह मौत हो चुकी है.
फिलहाल इस पूरे मामले में सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और केंद्र को भेजी जाने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हादसा था या फिर लापरवाही अथवा साजिश का नतीजा.
