सूरजपुर. जिले के बिश्रामपुर स्थित बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स में संचालित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कुल 27 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार माईनस कॉलोनी निवासी अमित कुमार सिंह ने 1 मार्च 2026 को बिश्रामपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स में श्रीराम मोबाइल शॉप नाम से दुकान संचालित करता है. 27 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था. अगले दिन 28 फरवरी की सुबह करीब 10:30 बजे जब उसने दुकान खोली तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला. जांच करने पर पता चला कि दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंधमारी कर अज्ञात चोर 17 नए मोबाइल फोन (लावा, एमआई, विवो और एआई प्लस कंपनी के) तथा ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे 10 पुराने स्मार्टफोन चोरी कर ले गए थे. चोरी हुए मोबाइल की कुल कीमत करीब 2.70 लाख रुपये आंकी गई.
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामला गंभीर होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सूरजपुर के मार्गदर्शन में घटनास्थल का एफएसएल टीम से निरीक्षण कराया गया और आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया.
8 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तालाबापारा निवासी अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ के पास नए मोबाइल हैं और वे उन्हें बेचने की फिराक में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तालाबापारा में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और थाना लाकर पूछताछ की.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 फरवरी की रात दोनों एकता स्टेडियम बिश्रामपुर में मिले थे, जहां उन्होंने बस स्टैंड स्थित श्रीराम मोबाइल दुकान में चोरी करने की योजना बनाई. इसके बाद विमल राजवाड़े अपने घर से एक गैंता लेकर आया और दोनों रात में स्टेडियम में ही रुक गए. रात करीब 2 बजे दोनों दुकान के पीछे गली में पहुंचे और विमल ने गैंते से दुकान की पिछली दीवार तोड़ दी. इसके बाद अभिषेक ने दीवार में बने छेद से हाथ डालकर 17 नए मोबाइल और दुकान में झोले में रखे 10 पुराने मोबाइल बाहर निकाले, जिन्हें विमल ने चादर में बांध लिया. कुछ लोगों के जागने की आवाज सुनकर दोनों वहां से भागकर फिर स्टेडियम पहुंच गए और सुबह एक-एक मोबाइल अपने पास रखकर बाकी मोबाइल और गैंता स्टेडियम के पास छिपा दिए.
आरोपियों के मेमोरेन्डम कथन और निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गैंता, एक नया और 10 पुराने मोबाइल विमल राजवाड़े की निशानदेही पर तथा 16 नए मोबाइल अभिषेक गुप्ता की निशानदेही पर 8 मार्च 2026 को जब्त किए. इस तरह चोरी गए कुल 2.70 लाख रुपये कीमत के सभी मोबाइल की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय सूरजपुर भेज दिया गया है.
इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश राठौर, सउनि विशाल मिश्रा, सउनि गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, शिवकुमार राजवाड़े, कुन्दन सिंह, खेलसाय राजवाड़े, उमेश राजवाड़े, मनोज शर्मा, संजीव राजवाड़े, योगेश्वर सिंह कंवर, दिलपाल कसेरा, सायबर सेल रोशन सिंह और आरक्षक चालक अजय प्रताप राव विशेष रूप से सक्रिय रहे.
इसे भी पढ़ें –
वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली करती है पुलिस? भड़के कांग्रेसी सड़क पर उतरे, एसडीएम से की ये मांग
