बस्तर. जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. घोटिया थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबामारी के पास विवाह समारोह से लौट रही एक तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा. सभी घायलों को पहले लोहंडीगुड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक, सिरिसगुड़ा गांव का एक परिवार अपने ग्रामीणों के साथ सोमवार को रामधर की पिकअप वाहन में सवार होकर नारायणपुर जिले के ओरछा स्थित रेंगाबेड़ा में शादी समारोह में शामिल होने गया था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंगलवार सुबह सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी ढाबामारी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई.
इस भीषण हादसे में मृत महिलाओं की पहचान सिबो और मिटको के रूप में हुई है. वहीं, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह ओवरलोडिंग और वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
