सरगुजा : सीबीएसई 12वीं के नतीजे में छात्राओं ने मारी बाजी… जया ने 95.4%, स्पर्शा ने 95.2% और गुंजन ने 94.6% अंक किये अर्जित… डॉक्टर और अफ़सर बनकर करना चाहते हैं सेवा

अनिल उपाध्याय, अम्बिकापुर। सीबीएसई द्वारा घोषित 12वी के परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने छात्रों को पछाड़ते हुये बड़ी सफलता हासिल की है। इनकी इस सफलता से नगर सहित पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सीबीएसई बोर्ड में सफलता हासिल करने वाली तीनो छात्रायें जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में अध्ययनरत थी और अपनी कड़ी मेहनत और गुरुओं के मार्गदर्शन में यह सफलता अर्जित की है।

सीबीएसई द्वारा जारी 12वी बोर्ड की परीक्षा परिणाम में नगर की मेधावी छात्रा कु. जया पैंकरा ने 95.4% अंक प्राप्त कर नवोदय विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ये बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर के व्याख्याता छत्तर सिंह पैंकरा एवं गृहणी शशिकला पैंकरा की पुत्री है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा विवेकानंद हाईस्कूल से हुई है। आगे की पढ़ाई के लिये ये जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई चली गई थी। इन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को दिया है। भविष्य में ये चिकित्सक बनकर लोगो की सेवा करना चाहती है।

सीबीएसई द्वारा घोषित 12वी के परीक्षा परिणाम में नगर की मेधावी छात्रा स्पर्शा गुप्ता ने 95.2% अंको के साथ यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। सुभाष गुप्ता एवं बीआरपी मीना गुप्ता की पुत्री स्पर्शा गुप्ता जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई की छात्रा है और इन्होंने यह सफलता अपनी कड़ी मेहनत एवं माता-पिता एवं गुरुजनों के सहयोग से हासिल किया है। भविष्य में ये चिकित्सक बनकर लोगो की सेवा करना चाहती है।

जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में अध्ययनरत ग्राम चलता बरपारा की मेधावी छात्रा कु. गुंजन प्रधान ने सीबीएसई बोर्ड द्वारा जारी 12वी की परीक्षा परिणाम में 94.6% अंको के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की है। ये कृषक इंद्रजीत प्रधान एवं गृहणी गीता प्रधान की सुपुत्री है और अपनी इस सफलता का श्रेय स्वयं की कड़ी मेहनत,माता-पिता का आशीर्वाद एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। भविष्य में ये प्रशासनिक अधिकारी बनकर लोगो की सेवा करना चाहती है।