रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने जल संसाधन विभाग में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए सात वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की हैं. सोमवार देर रात जारी आदेश में प्रमुख अभियंता से लेकर कई मुख्य अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे विभागीय कार्यों में गति और समन्वय बढ़ाने की कोशिश की गई है.
जारी आदेश के मुताबिक, शंकर ठाकुर को प्रमुख अभियंता, जल संसाधन विभाग का प्रभार सौंपा गया है. वे वर्तमान में मुख्य अभियंता (सिविल) के पद पर कार्यरत थे और अब 30 जून तक इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे.
इसके साथ ही छह मुख्य अभियंताओं के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है. मक्सी कुजूर को मुख्य अभियंता, महानदी परियोजना, रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शंकर राव सोने को मिनीमाता (हसदेव) बांगो परियोजना, बिलासपुर का प्रभार सौंपा गया है.
जितेंद्र कुमार नेताम को मुख्य अभियंता, हसदेव कछार, बिलासपुर पदस्थ किया गया है. अलेक्जेंडर ग्राहम को गोदावरी कछार, जगदलपुर का मुख्य अभियंता बनाया गया है. अनिल कुमार खलको को हसदेव गंगा कछार, अंबिकापुर की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं सतीश कुमार टीकम को महानदी-गोदावरी कछार, रायपुर में मुख्य अभियंता के रूप में पदस्थ किया गया है.
