रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। यह भर्ती अभियान राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परीक्षाओं का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम भवन) द्वारा किया जाएगा।
किस पद के लिए कब होगी परीक्षा? जारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार
सहायक शिक्षक परीक्षा – 11 अक्टूबर 2026
शिक्षक (टीचर) परीक्षा – 25 अक्टूबर 2026
व्याख्याता (लेक्चरर) परीक्षा – 29 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ युवा अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे और प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
