दिल्ली दौरे की बात पर टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान, जानें क्या कहा…



रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्ता बदलाव का सियासी घमासान अब तक थमा नहीं है। एक बार फिर सिंहदेव ने दिल्ली दौरे और सत्ता बदलाव को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि इस मामले का अंत होना चाहिए। रविवार की रात स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दिल्ली से रायपुर पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री ने महानदी भवन में स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। इस मीटिंग के बाद टीएस सिंहदेव से पत्रकारों ने दिल्ली दौरे पर सवाल पूछा। इस सवाल के जवाब में टीएस सिंहदेव ने कहा कि “जल्द इसका फैसला होना चाहिए, दिल्ली जाने वाले बयान पर विराम लगना चाहिए।”

टीएस सिंहदेव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि “दिल्ली दौरे में अगरबत्ती दिखानी है, बदलाव की बात नहीं है। हम लोग जाते हैं। प्रणाम करने की कोशिश करते हैं। जिनसे मुलाकात हो सकती है उससे मुलाकात करके आते हैं। यह जरूर है कि इसका एक हल हो जाना चाहिए। दिल्ली जाने वाली जो बात है। अब इस पर विराम लगना चाहिए। इसके चलते टेंशन भी होता है। संबंधों पर भी दबाव बनता है।

रायपुर के महानदी भवन में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसमें प्रदेश के 10 मेडिकल कॉलेज की स्थिति और वहां स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। इन सभी अस्पतालों में सही से दवाइयां मिल रहीं हैं। लोगों को उपचार ठीक से मिल रहा है। मेकाहारा और डीकेएस से जुड़े मुद्दे समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। सभी दस मेडिकल कॉलेज के डीन और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के साथ बैठक कर स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति पर मंथन किया।