नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का आरोप- पिछले 4 साल में कोयले में 3 हजार करोड़ की हुई वसूली; सरकार श्वेत पत्र जारी कर बताए आखिर कहां गया ये पैसा…



छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। आगामी वर्ष में विधानसभा चुनाव होने है। इससे पहले बीजेपी अपनी कमर कस रही है। भाजपा के बड़े बड़े नेता जिलों में जाकर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र बता रहे है। वहीं राज्य सरकार के खिलाफ मुद्दे निकालकर जनता के सामने पेश कर रहे है। रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव अम्बिकापुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने पिछले चार साल में कुछ काम नहीं किया। छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी राज्य सरकार पर हमला बोला है। चंदेल के मुताबिक पिछले चार साल में कोयले में प्रति टन 25 रुपए के हिसाब से 3 हजार करोड़ रुपए की वसूली की गई है। ईडी ने इशारा किया है कि यह जनता का पैसा है। उगाही और भ्रष्टाचार पर राज्य सरकार श्वेत पत्र जारी करे और बताएं कि आखिर यह पैसा कहा गया।

छत्तीसगढ़ भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि नवंबर 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 68 और भाजपा 15 सीटों पर रही। 5 महीने बाद लोकसभा चुनाव में मतदान की गणना करें तो भाजपा 68 साथ कांग्रेस 15 पर सिमट गई। उन्होंने कहा कि 5 महीने में इतना बड़ा अंतर आया। जबकि सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस की नई नवेली सरकार बनी थी और हनीमून का वक्त चल रहा था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता जिसको देती है छप्पर फाड़ कर समर्थन देती है। अब जनता कांग्रेस से समर्थन वापस ले लेगी। क्योंकि प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि बदलाव का वक्त अब पछताव में बदल चुका है।

नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कांग्रेस के जन घोषणा पत्र के 36 बिंदु 2023 के चुनाव का बड़ा मुद्दा है। जिस पर अमल नहीं हुआ है। बेरोजगारों को ना रोजगार दिया और ना बेरोजगारी भत्ता। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की पहली पार्टी है, जो हर दिन काम करती है। कार्यकर्ताओं का पूरा नेटवर्क है। प्रदेश के 23681 मतदान केद्रों में भाजपा की इकाइयां चुनाव के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।