सीएम बघेल के जन्मदिन पर डी पुरंदेश्वरी के विवादित बोल, …1000 टुकड़ों में बंट जाएगा सिर; कांग्रेस ने की माफी की मांग



रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्‍वरी के सीएम बघेल के जन्‍मदिवस के मौके पर मुख्‍यमंत्री भूपेश पर दिए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रदेश प्रभारी पर निशाना साधते हुए कहा, पुरंदेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संबंध में यह बयान देकर की उनका सर 1000 टुकड़ो में बंट जाएगा अमानवीयता की हदों को पार कर दिया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, पुरंदेश्‍वरी का यह विवादित बयान ऐसे समय आया जबकि सारा प्रदेश मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दीर्घायु की कामना कर रहा था, उनके जन्मदिन पर शुभेच्छा दे रहा था और भाजपा प्रभारी उनके अनिष्ट की कामना कर रही थीं। कांग्रेस नेता आनंद शुक्‍ला ने कहा, पुरंदेश्वरी इस बयान के लिए माफी मांगे। दरअसल, बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा की प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने सीएम भूपेश को घेरते हुए कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को श्राप है कि वह अगर सच बोलेंगे तो उनका सिर 1000 टुकड़ों में बंट जाएगा।