बलरामपुर. जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा करवट लिया कि गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन हालात भी बिगड़ गए. तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही देर में हालात ऐसे बने कि जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और किसानों की चिंता बढ़ गई.
सबसे ज्यादा असर रामानुजगंज क्षेत्र में देखने को मिला, जहां स्टेट बैंक रोड पर भारी जलभराव हो गया. तेज बारिश के कारण सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे आवाजाही प्रभावित रही और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. देर रात तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे स्थिति और भी गंभीर बनी रही.
शनिवार सुबह मौसम जरूर साफ हो गया और तेज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन मौसम विभाग ने शाम तक फिर बारिश की संभावना जताई है. तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, जहां अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इस बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है. इस समय क्षेत्र में गेहूं, चना और सरसों की फसलें कटाई के लिए तैयार हैं, लेकिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है. यदि मौसम का यही मिजाज बना रहा, तो किसानों को आने वाले दिनों में आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ेगी.
