रायगढ़. छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. पहले दुर्ग जिले में एक स्थान, फिर बलरामपुर जिले में दो जगह और उसके बाद रायगढ़ जिले में एक मामले के उजागर होने के बाद अब एक बार फिर रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है.
लैलूंगा ब्लॉक के नवीन घटगांव गांव में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक या दो नहीं बल्कि तीन अलग-अलग खेतों में अफीम की खेती की जा रही थी. बताया जा रहा है कि करीब 50 डिसमिल जमीन में यह अवैध फसल उगाई गई थी.
एक ही गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर अफीम की खेती मिलने से यह स्पष्ट हो रहा है कि क्षेत्र में संगठित तरीके से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दिया जा रहा है. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्थानीय प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल मामले की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित विभाग और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. लगातार मिल रही इन घटनाओं ने राज्य में अफीम की अवैध खेती के बढ़ते नेटवर्क की ओर इशारा किया है, जिसे लेकर प्रशासन की सख्ती अब और जरूरी हो गई है.
