अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के दर्रीपारा की कुख्यात ब्राउन शुगर तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान उसके दो सप्लायरों को भी पकड़ा गया, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुड़िया के घर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बिक्री के लिए लाए गए हैं। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने दर्रीपारा स्थित उसके घर पर दबिश दी। टीम को देखते ही गुड़िया एक झोला लेकर भागने लगी, लेकिन महिला सैनिकों की सतर्कता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 106 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 72 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके बाद उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गुड़िया ने खुलासा किया कि यह नशीला माल उसे दर्रीपारा निवासी मनु श्रीवास्तव और सुंदरलाल कुर्रे द्वारा सप्लाई किया जाता था। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स न्यायालय, अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया पिछले 15-20 वर्षों से नशे के कारोबार में सक्रिय रही है और कई बार जेल भी जा चुकी है। पहले वह ब्राउन शुगर का कारोबार करती थी, लेकिन हाल के समय में उसने नशीले इंजेक्शनों का अवैध व्यापार शुरू कर दिया था। विभाग ने पहले भी कई बार उसके ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें आबकारी टीम और नगर सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
