
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 से प्रभावी हो गई है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले को संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी प्रेस रिलीज में नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी ने उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय राजनीतिक भूमिका और जमीनी पकड़ को इस अहम जिम्मेदारी का आधार बताया है। राष्ट्रीय स्तर पर यह पद पार्टी संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण माना जाता है।
नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। वे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक किशोर सिन्हा के बेटे हैं, यानी राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। कम उम्र में राजनीति में कदम रखने वाले नितिन नबीन ने महज 26 साल की उम्र में विधायक बनकर सबका ध्यान खींचा था। अब 45 वर्ष की उम्र में उन्हें पार्टी संगठन में राष्ट्रीय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नितिन नबीन ने साल 2006 में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में एंट्री की थी। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर लगातार आगे बढ़ता गया। परिसीमन के बाद 2008 में इस सीट का नाम बदलकर बांकीपुर हो गया और तब से वे इसी सीट से लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं। अब तक वे पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं।
कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं में गिने जाते हैं। पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी थी, जहां उन्होंने संगठनात्मक कामकाज में सक्रिय भूमिका निभाई।
2020 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट उस वक्त सुर्खियों में आई, जब नितिन नबीन ने फिल्म अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को हराया। यह मुकाबला राज्य के सबसे हाई प्रोफाइल चुनावों में शामिल रहा। वहीं 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से मात देकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का एक बार फिर प्रमाण दिया।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी के साथ नितिन नबीन अब बिहार की राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गए हैं। पार्टी के भीतर इस फैसले को अनुभव और युवा ऊर्जा के संतुलन के रूप में देखा जा रहा है।




