
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में साहस और नेतृत्व की मिसाल पेश करने वाले पखांजूर थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट को देश का प्रतिष्ठित शौर्य चक्र पदक मिलने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रदान किया जाएगा। लक्ष्मण केवट ने 16 अप्रैल 2024 को कलपर में अपनी टीम के साथ मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को ढेर कर नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल की थी। अब तक वे कुल 94 नक्सलियों को एनकाउंटर कर चुके हैं, जो उनके साहसिक अभियान का अद्वितीय रिकॉर्ड है।
इसी तरह, सुकमा जिले में अपने कार्यकाल के दौरान बहादुरी का परिचय देने वाले तत्कालीन पुलिस अधीक्षक और आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। 7 मई 2023 को भेजी थाना क्षेत्र के ग्राम दंतेशपुरम के जंगल-पहाड़ी इलाके में हुए मुठभेड़ में उनकी टीम ने 2 माओवादियों को मार गिराया था, साथ ही एक 303 रायफल और एक भरमार बंदूक बरामद की थी। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं शर्मा ने किया था, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति के हाथों यह वीरता सम्मान मिलेगा।