सरगुज़ा : लापता महिला की ढोढहा में मिली लाश, हाथ-पैर बंधे हुए, हत्या की आशंका

अम्बिकापुर : लखनपुर थाना क्षेत्र में गुमशुदा महिला की लाश मिली है। घटना से इलाक़े में सनसनी फ़ैल गयी है। सूचना पर पुलिस ने मौक़े पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक़ ग्राम अंधला माझापारा निवासी नैहारो (28 वर्ष) सोमवार (11 जनवरी) की दोपहर लगभग 02 बजे से लापता थी। जिसके बाद नैहारो के पति राम ने लखनपुर थाना में जानकारी दी। इस पर पुलिस गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कर महिला की पतासाजी में जुटी हुई थी।

इसी बीच बुधवार की शाम लगभग 05 बजे मवेशी चराने के बाद वापस लौट रहे ग्रामीण शिवबचन ने महिला का शव भौराही ढोढहा में देखा और सबसे पहले ग्राम सरपंच को सूचना दी। ग्राम सरपंच में शव मिलने की सूचना लखनपुर पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम पहुंची।

महिला का शव 02 दिन पुराना बताया जा रहा है। महिला के हाथ पैर बंधे हुए हैं। इसे देखते हुए मृतिका के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। फ़िलहाल लखनपुर पुलिस पंचनामा कार्रवाई और पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।