रायपुर. प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए उच्च न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर दी गई है. मुख्य न्यायाधीश की अनुशंसा पर रजिस्टार जनरल रजनीश श्रीवास्तव ने 18 मार्च को यह आदेश जारी किया, जिसके तहत विभिन्न जिलों में पदस्थ जजों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
जारी आदेश के अनुसार, जांजगीर-चाम्पा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत को अम्बिकापुर (सरगुजा) स्थानांतरित किया गया है, वहीं हाईकोर्ट के रजिस्टार न्यायिक खिलावन राम रिगरी को कोंडागांव का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. जांजगीर के परिवार न्यायालय में पदस्थ संघरत्ना भटपहरी को कबीरधाम (कवर्धा) भेजा गया है.
इसके अलावा, कोरबा में विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी) के पद पर कार्यरत जयदीप गर्ग को जांजगीर-चाम्पा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. सुमित कपूर को एडिशनल रजिस्टार न्यायिक से रजिस्टार न्यायिक स्थापना का दायित्व दिया गया है. अमित कुमार कोहली (जगदलपुर) और दिग्विजय सिंह (रायपुर) को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी में एडिशनल डायरेक्टर बनाया गया है.
रायपुर के उमेश कुमार उपाध्याय को एडिशनल रजिस्टार न्यायिक हाईकोर्ट भेजा गया है, जबकि कवर्धा के परिवार न्यायाधीश लीलाधर सारथी को कोरबा में विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी) नियुक्त किया गया है.
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) स्तर पर भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं. भाटापारा की अंकिता अग्रवाल को महासमुंद, सक्ती की दिव्या गोयल को जशपुर, बलरामपुर के शैलेश कुमार वशिष्ठ को दुर्ग, राजनांदगांव की हर्षी अग्रवाल को जगदलपुर और धमतरी की मीनू नंद को दंतेवाड़ा भेजा गया है.
इसी तरह घरघोड़ा से काम्या को बलौदाबाजार, कटघोरा के सिद्धार्थ आनंद सोनी को नवागढ़ (जांजगीर), महासमुंद के तन्मय ब्रह्म को बिलासपुर, बचेली की श्वेता ठाकुर को रायपुर और सरायपाली के विनय कुमार साहू को धमतरी स्थानांतरित किया गया है.
अन्य आदेशों में बिलाईगढ़, कटघोरा, अम्बिकापुर, रायपुर, बैकुंठपुर, बेमेतरा और कोंडागांव समेत कई जिलों के न्यायिक अधिकारियों के तबादले शामिल हैं. इस व्यापक फेरबदल को न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
