
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रशासनिक कसावट और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सरगुजा पुलिस में बड़ा फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने 8 पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं, जिनमें 3 निरीक्षक, 3 उप निरीक्षक और 2 सहायक उप निरीक्षक शामिल हैं। इन अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापना स्थलों पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, उनसे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई गई है।
ये हुए तबादले:-
1. निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा – थाना प्रभारी दरिमा से स्थानांतरित होकर अब थाना प्रभारी लखनपुर बनाए गए हैं।
2. निरीक्षक भरतलाल साहू – रक्षित केंद्र अंबिकापुर से स्थानांतरित होकर थाना प्रभारी दरिमा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
3. निरीक्षक मनोज प्रजापति – थाना प्रभारी लुंड्रा से स्थानांतरित होकर अब रक्षित केंद्र अंबिकापुर में सम्बद्ध प्रभारी साइबर सेल होंगे।
4. उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह – प्रभारी साइबर सेल अंबिकापुर से स्थानांतरित होकर थाना प्रभारी लुंड्रा बनाए गए हैं।
5. उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे – थाना गांधीनगर से स्थानांतरित होकर अब थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर की जिम्मेदारी निभाएंगे।
6. उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया – रक्षित केंद्र अंबिकापुर से स्थानांतरित होकर थाना गांधीनगर भेजे गए हैं।
7. सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रताप सिंह – चौकी रघुनाथपुर से स्थानांतरित होकर अब यातायात शाखा अंबिकापुर में सेवाएं देंगे।
8. सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय – रक्षित केंद्र अंबिकापुर (पुलिस अधीक्षक कार्यालय सम्बद्ध) से स्थानांतरित होकर थाना अंबिकापुर में पदस्थ किए गए हैं।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से लिया गया निर्णय
एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया यह फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने की मंशा से किया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापना स्थलों पर बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।