
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार 20 अगस्त का दिन अहम रहा, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने बीजेपी के तीन विधायकों.. राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में अब कुल 14 सदस्य हो गए हैं।
नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्राम उद्योग और विधि एवं विधायी कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार और अनुसूचित जाति विकास विभाग का दायित्व मिला है। वहीं, राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता से प्रदेश को विकास और सुशासन की नई दिशा देंगे।
इस विस्तार के साथ ही कुछ विभागों में फेरबदल भी किया गया है। डिप्टी सीएम अरुण साव को अपने मौजूदा विभागों के साथ खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं, टंक राम वर्मा से खेल युवा कल्याण का प्रभार हटाकर उन्हें उच्च शिक्षा विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा लखन लाल देवांगन को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, किसी भी राज्य के मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत सदस्यों की संख्या विधानसभा के कुल सदस्यों के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में यह सीमा 13.5 बनती है, जिससे 14 मंत्रियों की नियुक्ति का रास्ता साफ होता है। इसी आधार पर राज्य ने ‘हरियाणा मॉडल’ अपनाते हुए मंत्रिमंडल का विस्तार किया है।