
अम्बिकापुर। नगर निगम की जल आपूर्ति में कीड़े पाए जाने से वार्डवासियों में हड़कंप मच गया है। वार्ड क्रमांक 19, सहेली गली के निवासियों ने आरोप लगाया कि अमृत मिशन योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने के बाद से दूषित पानी की समस्या बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा।
बीमारियों का बढ़ रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे मजबूरी में दूषित पानी पी रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। पानी में कीड़े और गंदगी होने से नागरिकों में आक्रोश है।
महापौर ने दिए जांच के आदेश
नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने मामले को गंभीर बताते हुए जल प्रभारी को तत्काल जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।