धमतरी। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगर निगम क्षेत्र में आवास निर्माण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। योजना के अंतर्गत कुल 791 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 395 मकानों का निर्माण तेजी से जारी है, जबकि 396 हितग्राही अभी तक काम शुरू नहीं कर पाए हैं।
नगर निगम की आयुक्त प्रिया गोयल और उपायुक्त पीसी सार्वा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी हितग्राही 31 मार्च तक हर हाल में अपने आवास निर्माण की शुरुआत कर दें। अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि समय पर काम शुरू और पूरा करने पर ही योजना का पूरा लाभ मिल सकेगा, अन्यथा मौका हाथ से निकल सकता है।
प्रशासन की ओर से अब तक करीब 4 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि हितग्राहियों के खातों में जारी की जा चुकी है, जिससे कई जगहों पर निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। वहीं, जो लोग अभी भी पीछे हैं, उन्हें लगातार संपर्क कर निर्माण शुरू करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस योजना में सबसे बड़ा आकर्षण सरकार द्वारा दिया जा रहा विशेष बोनस है। जो हितग्राही अपने मकान का निर्माण डेढ़ साल के भीतर पूरा कर लेंगे, उन्हें 32 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रशासन ने इसे सुनहरा अवसर बताते हुए सभी पात्र लोगों से अपील की है कि समयसीमा का पालन करें, ताकि पक्का घर मिलने के साथ-साथ अतिरिक्त बोनस का भी पूरा फायदा उठाया जा सके।
