
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के दुष्प्रेरण के आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामला बसंती सिंह नामक महिला की आत्महत्या से जुड़ा है, जो करीब तीन वर्षों से आरोपी रामदयाल दास के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी।
दोनों के बीच पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। मृतका का आरोपित पति लगातार उसे मरने के लिए उकसाता था। 14 जुलाई 2025 को भी रामदयाल दास ने बसंती के साथ मारपीट की, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद प्रताड़ित हो गई। इसके बाद उसने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
मर्ग जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2-V) के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धौरपुर उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक रामधनी राम, आरक्षक पंकज देवांगन, सुशील मिंज और हरिकिसून सिंह की सक्रिय भूमिका रही।