अम्बिकापुर/अनिल उपाध्याय. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक के दो टुकड़े हो गए और उसमें आग लग गई. हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है. वहीं कार में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: खाना नहीं बनाने के विवाद में पति ने पत्नी की गला घोंटकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम चलता में यात्री प्रतीक्षालय के पास शाम 6 से 7 बजे के बीच हुई. सीतापुर से पत्थलगांव की ओर जा रही कार क्रमांक CG13/AH/7399 जैसे ही ग्राम चलता से खड़गांव जाने वाले मार्ग की ओर मुड़ी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कार से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दो हिस्सों में बंट गई और उसमें आग लग गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
दुर्घटना के समय बाइक में कपिल बड़ा (19 वर्ष) निवासी कतकलो, आकाश मिंज (22 वर्ष) निवासी जामपारा एवं नागेंद्र कुजूर (20 वर्ष) निवासी जामडीह सवार थे. कार से टकराने के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता करते हुए बाइक में लगी आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया और 112 पुलिस वाहन की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
इसे भी पढ़ें –
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अम्बिकापुर रेफर कर दिया. वहीं कार में सवार लोगों को भी चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर थाने ले आई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
