अम्बिकापुर। शहर के व्यस्ततम रिंग रोड पर शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब महामाया मंदिर द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की निर्मम हत्या से पूरे शहर में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि सिर और गर्दन पर घातक वार किए गए हैं। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसकी पहचान छिपाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। शहर के प्रमुख मार्ग पर इस तरह की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्य सड़क पर ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। मृत महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालते हुए हुलिए के आधार पर शिनाख्त की कोशिश में जुटी हुई है।
