
अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..“एक पेड़ माँ के नाम” राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस विशेष अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और एक पौधा अपनी माँ के नाम समर्पित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा, “केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ वृक्षारोपण नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। जब हम माँ के नाम पर एक पेड़ लगाते हैं, तो वह सिर्फ हरियाली नहीं, हमारी संस्कृति, भावनाओं और कर्तव्यों का प्रतीक बन जाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि अब तक देशभर में करोड़ों लोग इस अभियान से जुड़कर अपनी माँ के सम्मान में पेड़ लगा चुके हैं।
बीईओ कार्यालय परिसर में हुए इस आयोजन का उद्देश्य न केवल वृक्षारोपण था, बल्कि समाज को पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी था। इस पहल से प्रेरणा लेते हुए आमजन से आह्वान किया गया कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और हर साल एक पेड़ अपनी माँ के नाम जरूर लगाएं।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। उपस्थित प्रमुख लोगों में वैभव सिंह लुंड्रा, श्रवण दास मंडल अध्यक्ष, त्रिलोचन सदावर्ती पार्षद, नीरू मिस्त्री महामंत्री, संगीता कंसारी, विजय गुप्ता, नेमलाल गुप्ता, आरडी चौहान, विन्ध्येश्वरी पैंकरा, अनिल निराला, बृजेश मिश्रा, विष्णु अग्रवाल, मोती गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता, अनेश्वर गुप्ता, विजय यादव, एबीईओ महेश सोनी, लेखपाल दूधनाथ सिंह समेत अनेक लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम का संदेश था – “माँ को समर्पित एक पेड़, धरती को दे हरियाली की सौगात।” यह आयोजन न केवल पर्यावरण हितैषी था, बल्कि भावनात्मक रूप से भी समाज को जोड़ने वाला बन गया।