अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आज से प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तपेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर उत्सव के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने पारंपरिक तिलकुट का आनंद भी लिया, जिससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनका जुड़ाव दिखाई दिया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने 200 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए करीब 667 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े सहित स्थानीय विधायक, सांसद और जनप्रतिनिधियों की भी विशेष उपस्थिति रही। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तातापानी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक एकता और विकास का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिले को 600 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है।
मंत्री रामविचार नेताम की मांग पर मुख्यमंत्री ने तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला ट्रांजिट भवन और पंजीयक भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
