कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में राशन कार्डधारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार के निर्देश पर अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अप्रैल से जून 2026 तक तीन महीने का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा। यह फैसला खासतौर पर बीपीएल परिवारों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें बार-बार राशन दुकानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार अंत्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन और निराश्रित श्रेणी के बीपीएल राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एक साथ दिया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा अग्रिम रूप से खाद्यान्न का आबंटन भी कर दिया गया है, जिससे वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
वहीं, एपीएल (सामान्य) राशन कार्डधारियों के लिए व्यवस्था पूर्ववत रखी गई है। उन्हें चावल सहित अन्य राशन सामग्री जैसे शक्कर, चना, गुड़ और नमक का वितरण हर महीने अलग-अलग किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से वितरण प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनी रहेगी।
खाद्यान्न के भंडारण और वितरण पर सख्त निगरानी भी सुनिश्चित की गई है। उचित मूल्य दुकानों पर गठित निगरानी समितियों के माध्यम से सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य निरीक्षक नियमित रूप से जांच करेंगे, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी खाद्यान्न के दुरुपयोग या गड़बड़ी की शिकायत मिलती है, तो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
