रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो रिक्त होने जा रही सीटों को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को इन सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्यसभा चुनाव के तहत मतदान 16 मार्च (सोमवार) को कराया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 26 फरवरी से नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद जांच प्रक्रिया और नाम वापसी की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

बताया गया है कि ये दोनों सीटें कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलोदेवी नेताम के कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हो रही हैं। इसी वजह से अब इन सीटों पर नए प्रतिनिधि चुनने के लिए चुनाव कराया जा रहा है।
विधानसभा में वर्तमान सदस्य संख्या और राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए इस बार राज्यसभा चुनाव में एक-एक सीट भाजपा और कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में यह चुनाव भले ही औपचारिक माना जा रहा हो, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
